ऋषिकेश। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से आए जरूरतमंद लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता के 20 चेक वितरित किए।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने गरीब कन्याओं के विवाह, गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को प्राथमिकता देते हुए सहायता राशि के चेक प्रदान किए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और सरकार का प्रयास है कि आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे लोगों को समय पर राहत मिल सके।
डॉ. अग्रवाल ने सभी को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब, बेसहारा एवं असहाय लोगों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंदों को आर्थिक संबल प्रदान करना और उनके जीवन को बेहतर बनाना है।
उन्होंने कहा कि जनसेवा और जनकल्याण के संकल्प के साथ सरकार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। जरूरतमंदों को राहत प्रदान करने की दिशा में मुख्यमंत्री राहत कोष महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इस अवसर पर ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, मंडल महामंत्री दीपक बिष्ट, अरविंद चौधरी, ग्राम प्रधान किशोर पैन्यूली, क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि धर्मेंद्र ग्वाड़ी, जगदंबा रतूड़ी, संजय ध्यानी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
