ऋषिकेश। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के रायवाला स्थित आडवाणी प्लॉट में लंबे समय से चली आ रही बरसाती जलभराव की समस्या के समाधान के लिए जल निकासी कार्य हेतु सिंचाई विभाग को 8 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने पर आभार व्यक्त किया।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि रायवाला के आडवाणी प्लॉट क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से बरसात के दौरान जलभराव की समस्या के कारण स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। जल निकासी के लिए 8 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने से इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इससे क्षेत्रवासियों को बरसात के मौसम में होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।
डॉ. अग्रवाल ने इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार जनसमस्याओं के समाधान और प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए धरातल पर विकास कार्यों को गति प्रदान कर रही है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना और जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।
