देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय नितिन नवीन जी द्वारा देहरादून में आयोजित विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) से कार्यक्रम में पहुंचे।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ ऊर्जा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी जी द्वारा देशवासियों से डीजल एवं पेट्रोल पर निर्भरता कम करने के आह्वान को उन्होंने पूर्ण रूप से आत्मसात किया है। इसी क्रम में वे पिछले काफी समय से अपने राजनीतिक, सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में इलेक्ट्रिक व्हीकल का उपयोग कर रहे हैं।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों का प्रयोग न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने में भी सहायक है। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे अधिक से अधिक ई-वाहनों को अपनाकर प्रदूषण मुक्त उत्तराखंड एवं स्वच्छ भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकारें भी ई-वाहनों को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न योजनाओं एवं प्रोत्साहनों के माध्यम से निरंतर कार्य कर रही हैं, जिससे आमजन को भी इस दिशा में प्रेरणा मिल रही है।
