ऋषिकेश। ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में भट्टोंवाला क्षेत्र से आए देवभूमि सीनियर सिटीजन समिति के सदस्यों ने ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान डॉ. अग्रवाल ने समिति के सभी सदस्यों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
भेंट के दौरान डॉ. अग्रवाल ने समिति के सदस्यों से कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज के सम्मानित एवं अनुभवी सदस्य हैं। समाज में उनकी बातों को लोग ध्यानपूर्वक सुनते हैं और उनका अनुसरण भी करते हैं। उन्होंने समिति के सदस्यों से क्षेत्र, विशेषकर भट्टोंवाला क्षेत्र में समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि मांगलिक एवं सामाजिक आयोजनों में शराब के बढ़ते चलन (खासकर युवाओं मे) जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने के लिए वरिष्ठ नागरिक जनजागरूकता अभियान चलाएं और समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करें। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण सहित अन्य सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया।
समिति के सदस्यों ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर डॉ. अग्रवाल के साथ चर्चा की तथा क्षेत्र में जनहित एवं सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष जगमोहन रांगड़, उपाध्यक्ष धनपाल राणा, महासचिव सुरेंद्र दत्त सकलानी, किशन रांगड़, सचिव नवीन भट्ट, सह सचिव शीशपाल रावत, कोषाध्यक्ष सिताब सिंह पयाल, सहकोषाध्यक्ष धनपाल रांगड़, संयोजक कीर्तिमणि, हरपाल राणा, रामगोपाल पेटवाल सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



