
ऋषिकेश। ऋषिकेश के भट्टोवाला क्षेत्र में गत दिवस हुए गोलीकांड में घायल मनीष व्यास एवं जसपाल रावत का आज ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने एम्स, ऋषिकेश पहुंचकर कुशलक्षेम जाना।
इस दौरान चिकित्सकों से वार्ता कर दोनों घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। चिकित्सकों ने बताया कि जसपाल रावत की स्थिति में सुधार होने पर उन्हें आज अस्पताल से छुट्टी दी जा रही है, जबकि मनीष व्यास की स्थिति भी पहले से काफी बेहतर है और वे तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं।

डॉ. अग्रवाल ने इस घटना पर कड़ा संज्ञान लेते हुए दूरभाष पर कोतवाल को निर्देशित किया कि क्षेत्र में इस प्रकार की आपराधिक घटनाएं किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से असामाजिक तत्व क्षेत्रीय लोगों पर हमला कर रहे हैं, वह अत्यंत चिंताजनक है और उत्तराखंड की शांतिप्रिय जनता इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि घटना में शामिल पकड़े गए एक हमलावर के अलावा उसके अन्य साथियों को भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाए तथा सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
