- सद्भावना कलस्टर संगठन को फूड ट्रक हस्तांतरित, ग्रामीण महिलाओं के उद्यम को मिलेगी नई पहचान


रुद्रपुर। ग्रामीण महिलाओं की आजीविका संवर्धन एवं सामुदायिक उद्यमों को सशक्त बनाने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। ग्रामोत्थान (REAP) परियोजना के अंतर्गत सीबीओ (Community Based Organization) लेवल इंटरप्राइजेज कार्यक्रम के तहत सद्भावना कलस्टर संगठन स्वायत्त सहकारिता समिति को नव निर्मित फूड ट्रक हस्तांतरित किया गया।
इस अवसर पर विकास भवन, रुद्रपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, ऊधम सिंह नगर, परियोजना निदेशक डीआरडीए तथा जिला विकास अधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक एवं समस्त सहायक प्रबंधक की गरिमामयी उपस्थिति में फूड ट्रक का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों द्वारा फूड ट्रक की संरचना, गुणवत्ता, उपकरणों एवं संचालन संबंधी व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया गया तथा इसे ग्रामीण महिलाओं के लिए एक अभिनव एवं रोजगारपरक पहल बताया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कहा कि ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना ग्रामीण समुदायों, विशेषकर स्वयं सहायता समूहों एवं उनके संगठनात्मक ढांचों को उद्यमशीलता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। फूड ट्रक के माध्यम से स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों तथा महिला समूहों द्वारा तैयार खाद्य पदार्थों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। इससे महिलाओं की आय में वृद्धि होने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

कार्यक्रम के दौरान सद्भावना कलस्टर संगठन स्वायत्त सहकारिता समिति के प्रतिनिधियों को फूड ट्रक का औपचारिक रूप से हस्तांतरण किया गया। हस्तांतरण की समस्त प्रक्रियाएं पूर्ण करते हुए अधिकारियों ने समिति को इसके सफल संचालन हेतु शुभकामनाएं प्रदान कीं तथा इसे ग्रामीण उद्यम विकास का एक उत्कृष्ट मॉडल बताया।
सद्भावना कलस्टर संगठन द्वारा संचालित यह फूड ट्रक स्थानीय खाद्य उत्पादों के विपणन, ग्रामीण महिला उद्यमियों को बाजार से जोड़ने तथा सामुदायिक व्यवसाय को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह पहल न केवल महिलाओं की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करेगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक उद्यमों के विकास को भी नई गति प्रदान करेगी।

ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना द्वारा इस प्रकार की नवाचार आधारित पहलें ग्रामीण समुदायों को आत्मनिर्भर बनाने एवं सतत आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर संचालित की जा रही हैं। फूड ट्रक की यह पहल ऊधम सिंह नगर जनपद में महिला सशक्तिकरण एवं सामुदायिक उद्यम विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।
