हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 को भव्य और दिव्य बनाने के लिए तैयारियां लगातार तेज होती जा रही हैं। धर्मनगरी हरिद्वार के प्रमुख मार्गों, महत्वपूर्ण स्थलों और बाजारों को एक समान रंग-रूप देने के लिए रंगाई-पुताई और पेंटिंग का कार्य कराया जा रहा है। इसी क्रम में हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के सचिव प्रत्यूष सिंह ने अपनी टीम के साथ विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। प्रत्यूष सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप कुंभ मेले में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए हरिद्वार को सुंदर और आकर्षक बनाने का प्रयास किया जा रहा है। प्राधिकरण की कोशिश है कि कुंभ शुरू होने से पहले सभी कार्य समय से पूरे कर लिए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को धर्मनगरी में बेहतर और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।
