सोमवती अमावस्या स्नान के बाद नगर निगम ने रचा स्वच्छता का नया कीर्तिमान, 90 ट्रैक्टर कूड़ा रात 4 बजे तक हटाया

हरिद्वार। सोमवती अमावस्या के अवसर पर हरिद्वार में आयोजित हुए ऐतिहासिक स्नान पर्व में लगभग 75 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन के कारण विभिन्न घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर बड़ी मात्रा में कूड़ा एकत्रित हुआ, जिसे नगर निगम हरिद्वार ने युद्धस्तर पर अभियान चलाकर समयबद्ध रूप से साफ कर दिया।
नगर निगम की टीम द्वारा पुलिस प्रशासन से वाहनों की अनुमति मिलते ही रात्रि लगभग 9:00 बजे से ही स्वच्छता अभियान प्रारंभ कर दिया गया। अभियान के अंतर्गत विष्णु घाट, अलकनंदा घाट, सुभाष घाट, नई घाट तथा मालवीय घाट सहित सभी प्रमुख स्नान स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरी रात निरंतर कार्य करते हुए लगभग 90 ट्रैक्टर कूड़ा एकत्रित कर उसका निस्तारण किया। रात्रि 4:00 बजे तक सभी प्रमुख घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों से कूड़ा हटाकर व्यापक सफाई कार्य पूर्ण कर लिया गया, जिससे स्नान पर्व के उपरांत भी शहर की स्वच्छता एवं व्यवस्था बनी रही।
स्वच्छता अभियान के दौरान नगर आयुक्त, नगर निगम हरिद्वार, आईएएस श्री नंदन कुमार द्वारा रात्रि लगभग 2:00 बजे स्वयं मौके पर पहुंचकर सफाई कार्यों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा बेहतर प्रदर्शन के लिए टीम का उत्साहवर्धन किया।
अभियान के दौरान उप नगर आयुक्त श्री दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक श्री संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक श्री धीरेंद्र सेमवाल सहित नगर निगम की समस्त स्वच्छता टीम पूरी रात मुस्तैदी के साथ कार्य में जुटी रही।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व संख्या के बावजूद निर्धारित समय में सभी प्रमुख घाटों एवं मार्गों की सफाई पूर्ण कर ली गई, जो नगर निगम की सुव्यवस्थित कार्ययोजना एवं कर्मचारियों की अथक मेहनत का परिणाम है। नगर निगम द्वारा चलाया गया यह विशेष स्वच्छता अभियान सोमवती अमावस्या स्नान के सफल एवं स्वच्छ आयोजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

More From Author

मुख्यमंत्री ने पौड़ी डॉ. अंबेडकर जिला विज्ञान संग्रहालय का किया लोकार्पण

परमार्थ निकेतन गंगा तट पर आयोजित 34 दिवसीय श्रीराम कथा का 33वाँ दिवस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.