- सड़क पर रखी अतिरिक्त निर्माण सामग्री को तत्काल हटाने के निर्देश दिए
- निर्माण कार्य में लापरवाही को लेकर अभियंता दीपक वत्स के प्रति नाराजगी व्यक्त की
- सीवर लाइन निर्माण के सम्बन्ध में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
ऋषिकेश। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने देहरादून रोड, ऋषिकेश में ₹135 करोड़ की लागत से चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्य (पैकेज नंबर-6) का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क पर बड़ी मात्रा में निर्माण सामग्री रखे जाने पर उन्होंने शिविर परियोजना के अभियंता दीपक वत्स के प्रति नाराजगी व्यक्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि त्योहारी सीजन में सड़क पर निर्माण सामग्री रखे जाने से यातायात प्रभावित हो रहा है और आम जनता को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क पर रखी अतिरिक्त निर्माण सामग्री को तत्काल हटाया जाए। कार्य की आवश्यकता के अनुसार ही सीमित मात्रा में सामग्री रखी जाए, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और आमजन को अनावश्यक असुविधा न हो।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सीवर लाइन निर्माण कार्य के दौरान जहां कहीं भी पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त किया जाए, जिससे क्षेत्रवासियों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान सड़क के दोनों ओर बनी नालियों में गंदगी एकत्रित होने तथा नालियों के खुले होने का मामला भी सामने आया। इस पर डॉ. अग्रवाल ने नगर निगम के अधिशासी अभियंता अनिल नेगी से फोन पर वार्ता कर नालियों की सफाई कराने तथा खुली नालियों को स्लैब लगाकर ढकने के निर्देश दिए, ताकि स्वच्छता बनी रहे और दुर्घटनाओं की आशंका को भी कम किया जा सके।

डॉ. अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य जनसुविधाओं को ध्यान में रखकर किया जाए। विकास कार्यों के दौरान आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
इस अवसर पर ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह, पार्षद आशु डंग, जिला महामंत्री कौशल बिजल्वाण, पार्षद सोनू पांडेय, मंडल महामंत्री दीपक बिष्ट, संजय ध्यानी, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अनिरुद्ध शर्मा, रमेश अरोड़ा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
