- क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल ठीक करने के निर्देश
ऋषिकेश। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ विधानसभा ऋषिकेश क्षेत्र में बरसात के कारण क्षतिग्रस्त विभिन्न सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कर यातायात को सुचारु एवं सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए।
डॉ. अग्रवाल ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता भृगुनाथ द्विवेदी, सहायक अभियंता राजेश चौहान, कनिष्ठ अभियंता संजय सेमवाल एवं कनिष्ठ अभियंता राहुल सैनी के साथ लक्कड़ घाट रोड, हाट बाजार रोड, खदरी रोड, अमित ग्राम, भट्टोवाला मार्ग एवं कृष्ण नगर कॉलोनी सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया।

इस दौरान डॉ. अग्रवाल ने कहा कि बरसात के कारण कई स्थानों पर सड़कों को नुकसान पहुंचा है। आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र दुरुस्त किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से मरम्मत कार्य की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा।
विधायक ने अमित ग्राम में सड़क किनारे लगाई जा रही टाइल्स के कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो और कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप ही पूर्ण कराया जाए।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र की सड़कों की स्थिति को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुए मार्गों की मरम्मत के साथ-साथ जहां आवश्यक है, वहां स्थायी समाधान की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर असेना ग्राम प्रधान सुषमा बिष्ट, खदरी ग्राम सभा के उप प्रधान बिपिन रावत, पूर्व प्रधान स्वरूप सिंह पुंडीर, पंकज डोभाल, मोहन सिंह रावत, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, बिपिन रावत, गोविंद रावत, राहुल त्रिपाठी, भुवन चंद फुलेरा, अमन भट्ट, अरविंद चौधरी, रमेश चंद्र शर्मा, प्रिया ढकाल, सदानंद यादव, रोशनी अग्रवाल, रविंद्र कश्यप, अनिल कुमार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



