- प्रकृति का संरक्षण हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी : डॉ. अग्रवाल

ऋषिकेश। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने “विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस” के उपलक्ष्य में ऋषिकेश स्थित अपने कैंप कार्यालय में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रेरणादाई अभियान “एक पेड़ मां के नाम” को आत्मसात करते हुए विभिन्न सामाजिक एवं महिला संगठनों से जुड़ी महिला पदाधिकारियों को पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा सभी से अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया।
डॉ. अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रकृति का संरक्षण हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। बढ़ते पर्यावरणीय संकट और जलवायु परिवर्तन के इस दौर में वृक्षारोपण ही एकमात्र सशक्त उपाय है, जिससे हम आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए, तभी यह अभियान सार्थक होगा।
उन्होंने महिलाओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि महिलाएं समाज की धुरी होती हैं और यदि वे पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें, तो यह अभियान जन-जन तक पहुंच सकता है। उन्होंने सभी उपस्थित महिला पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में पौधारोपण अभियान चलाने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चंद्र मोहन पोखरियाल, भाजपा कार्यकर्ता सुमित सेठी, सीमा शर्मा, प्रतिमा देवी, किरण रमोला, सुमित्रा अशवाल, अनीता पोखरियाल, सुनीता कुकरेती, लक्ष्मी रतूड़ी, मीना रावत, मीना भट्ट सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने पौधों के महत्व को समझते हुए उन्हें अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का भी प्रण लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और हरित उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में एक सकारात्मक पहल करना रहा।
