
ऋषिकेश। विधानसभा के विनोद बिहार (खदरी) क्षेत्र से आए स्थानीय लोगों ने ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से उनके ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में मुलाकात कर क्षेत्र में कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों के लिए उनका आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
स्थानीय लोगों ने विशेष रूप से ₹10 लाख की विधायक निधि से निर्मित टिन शेड, क्षेत्र में कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्यों सहित अन्य विकास कार्यों के लिए डॉ. अग्रवाल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं को समझते हुए विधायक द्वारा लगातार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे स्थानीय जनता को सुविधाएं मिल रही हैं।
इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा का समग्र एवं संतुलित विकास उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं और समस्याओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था, सामुदायिक सुविधाओं सहित मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़े कार्यों के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि जनता की ओर से मिलने वाला विश्वास और स्नेह उन्हें और अधिक ऊर्जा के साथ क्षेत्र की सेवा करने की प्रेरणा देता है। विकास कार्यों का लाभ प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना उनका निरंतर प्रयास रहेगा।
इस अवसर पर दीपक जुगलान, पंकज ढोभाल, गोविंद सिंह रावत, सुल्तान सिंह नेगी, गुरु प्रसाद चमोली, दिगंबर बिष्ट, दयाराम बहुगुणा, रामचंद्र जोशी आदि मौजूद रहे।



