
ऊधम सिंह नगर। विकास भवन स्थित परियोजना निदेशक कार्यालय में परियोजना निदेशक, डीआरडीए श्री हिमांशु जोशी की अध्यक्षता में बढ़ते कदम स्वायत्त सहकारिता के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य सहकारिता के सदस्यों को सहकारिता से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी उपलब्ध कराना तथा सदस्यों द्वारा व्यक्त की जा रही जिज्ञासाओं एवं आपसी भ्रम की स्थिति का समाधान करना रहा। बैठक में विशेष रूप से सहकारिता की पुनः वार्षिक आम सभा (Annual General Meeting) आयोजित किए जाने तथा उससे संबंधित नियमों एवं प्रक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान विकासखंड सितारगंज की सीएलएफ से जुड़ी महिलाओं द्वारा सहकारिता से संबंधित जानकारी एवं विभिन्न विषयों को लेकर अपनी जिज्ञासाएं एवं कुछ भ्रम परियोजना निदेशक, डीआरडीए श्री हिमांशु जोशी के समक्ष रखे गए। परियोजना निदेशक द्वारा महिलाओं की बातों को गंभीरता से सुनते हुए सहकारिता से जुड़े प्रावधानों, कार्यप्रणाली एवं आवश्यक प्रक्रियाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई तथा उनकी जिज्ञासाओं एवं भ्रम की स्थिति का समाधान किया गया।
सहायक परियोजना निदेशक, डीआरडीए श्रीमती रमा गोस्वामी द्वारा भी महिलाओं को सहकारिता के उद्देश्यों, सदस्यों की भूमिका एवं सहकारिता के सुचारू संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। उन्होंने महिलाओं को सहकारिता की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
बैठक में खंड विकास अधिकारी, सितारगंज, ग्रामोत्थान (REAP) परियोजना की सहायक प्रबंधक (I&I) तथा एडीओ कोऑपरेटिव द्वारा प्रतिभाग किया गया। अधिकारियों द्वारा सहकारिता से संबंधित विषयों पर आवश्यक मार्गदर्शन एवं जानकारी प्रदान की गई।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को सहकारिता की कार्यप्रणाली, नियमों एवं उनके अधिकारों तथा दायित्वों की स्पष्ट जानकारी होना आवश्यक है, जिससे सहकारिताएं अधिक पारदर्शी, सशक्त एवं प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा उपस्थित महिलाओं ने सहकारिता से जुड़े विषयों पर प्राप्त स्पष्ट जानकारी एवं मार्गदर्शन के लिए अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।



