एनएचएआई ने राजमार्गयात्रा मोबाइल एप पर डिजिटल लोकल पास और मार्गमिर हेल्प सेंटर के लॉन्च के साथ डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा दिया

  • एप पर डिजिटल लोकल पास लॉन्च किया जिससे यात्री अब टोल प्लाजा जाए बिना ही राजमार्गयात्रा मोबाइल एप के जरिए डिजिटल रूप से टोल पाल खरीद सकेंगे
  • ‘मार्गमित्र’ हेल्प सेंटर की शुरूआत की गई, जो राजमार्गयात्रा मोबाइल एप के भीतर एक एकीकृत इंटेलिजेंट डिजिटल सहायता प्लेटफॉर्म है

नई दिल्ली। भारत सरकार के डिजिटल इंडिया और ईज़ ऑफ लिविंग के विजन के अनुरूप, एनएचएआई ने राजमार्गयात्रा मोबाइल ऐप पर दो प्रमुख नागरिक-केंद्रित सुविधाएं, ऑनलाइन ‘लोकल पास’ और डिजिटल ‘मार्गमित्र’ हेल्प सेंटर शुरू करके राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं के लिए डिजिटल इकोसिस्टम को मजबूत किया है। इन नई पहलों का उद्देश्य बेहतर डिजिटल सेवाएं प्रदान करके, कागजी प्रक्रियाओं को खत्म करके और यात्रियों को त्वरित सहायता सुनिश्चित करके राष्ट्रीय राजमार्ग की यात्रा को अधिक सुगम बनाना है।

नयी पेशकश ‘लोकल पास’ सुविधा पात्र यात्रियों को टोल प्लाजा जाए बिना ही राजमार्गयात्रा मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल रूप से टोल पास खरीदने की अनुमति देती है। डिजिटल लोकल टोल पास की यह पहली सुविधा दिल्ली में अर्बन एक्सटेंशन रोड-II पर मुंडका – बक्करवाला टोल प्लाजा पर शुरू की गई है और आने वाले महीनों में इसे देश भर के अन्य टोल प्लाजा पर भी लागू किया जाएगा।

पात्र टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले निवासी राजमार्गयात्रा मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप से ‘लोकल पास’ खरीद सकेंगे, जिससे वे महीने के दौरान संबंधित टोल प्लाजा से असीमित यात्रा कर सकते हैं। पहले यात्रियों को अपनी पात्रता साबित करने के लिए खुद टोल प्लाजा जाना पड़ता था और संबंधित दस्तावेज जमा करने पड़ते थे। इस नई डिजिटल व्यवस्था के तहत अब यह पूरी प्रक्रिया कुछ ही मिनटों में डिजिटल रूप से पूरी की जा सकती है।

यह पहल डिजीलॉकर और वाहन जैसे सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ सहमति-आधारित एकीकरण का उपयोग करती है, ताकि यात्री के पते, वाहन संख्या और लिंक किए गए फास्टैग से संबंधित सत्यापित विवरण स्वतः प्राप्त किए जा सकें। लोकल पास की पात्रता को जीआईएस-आधारित सत्यापन के माध्यम से भी स्थापित किया जाता है, जिससे कागजी दस्तावेजों की आवश्यकता समाप्त हो जाती है और पारदर्शिता तथा सटीकता सुनिश्चित करते हुए उपयोगकर्ताओं की सुविधा में महत्वपूर्ण सुधार होता है।

राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं के लिए सेवाओं को और बेहतर बनाते हुए, एनएचएआई ने ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल ऐप के भीतर एकीकृत एक बुद्धिमान डिजिटल सहायता प्लेटफॉर्म ‘मार्गमित्र’ हेल्प सेंटर भी शुरू किया है। राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं के लिए सिंगल विंडो  इंटरफ़ेस के रूप में डिज़ाइन किया गया ‘मार्गमित्र’ यात्रियों को एक सहज संवादात्मक इंटरफ़ेस के माध्यम से जानकारी प्राप्त करने, सहायता लेने और शिकायतें दर्ज करने में सक्षम बनाएगा।

उपयोगकर्ता भारत की 22 भाषाओं में से किसी में भी अपने प्रश्न, प्रतिक्रिया या शिकायतें आसानी से टाइप कर सकते हैं या बोल सकते हैं, और यह प्लेटफॉर्म उन्हें उचित जानकारी प्रदान करता है या संबंधित सेवा के लिए उनका मार्गदर्शन करता है। यह हेल्प सेंटर फास्टैग रिचार्ज, केवायसी आवश्यकताओं, रिफंड स्थिति, वार्षिक और लोकल पास सेवाओं तथा अन्य अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों सहित सेवाओं की एक विस्तृत श्रृंखला पर तुरंत सहायता प्रदान करता है।

जिन मुद्दों में हस्तक्षेप की आवश्यकता होती है, उनके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ता सीधे हेल्प सेंटर के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिन्हें समय पर निवारण के लिए स्वतः ही संबंधित विभाग को भेज दिया जाता है। यह प्लेटफॉर्म यात्रियों को उनकी शिकायतों की प्रगति को रियल टाइम में ट्रैक करने की सुविधा भी देता है और यदि वे समाधान से संतुष्ट नहीं हैं, तो उन्हें अपील दायर करने का विकल्प भी प्रदान करता है। इसके अलावा, ‘मार्गमित्र’ उपयोगकर्ताओं को फास्टैग ब्लैकलिस्टिंग स्थिति की जांच करने, लंबित ई-नोटिस देखने और राष्ट्रीय राजमार्गों पर बंद पड़े वाहनों या अतिक्रमण जैसी सड़क सुरक्षा संबंधी चिंताओं की रिपोर्ट करने की अनुमति भी देता है।

इन नई सुविधाओं की शुरुआत न केवल भौतिक राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना को बदलने, बल्कि राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं के डिजिटल अनुभव को भी बेहतर बनाने के लिए एनएचएआई की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह राजमार्गयात्रा मोबाइल ऐप पर एनुअल पास की बिक्री की सफलता पर आधारित है, जहां मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से 80 लाख से अधिक एनुअल पास रियल-टाइम एक्टिवेशन के साथ बेचे जा चुके हैं।

एनएचएआई राष्ट्रीय राजमार्ग यात्रियों को एंड्रॉइड और आईओएस प्लेटफॉर्म पर राजमार्गयात्रा मोबाइल ऐप डाउनलोड करने और राष्ट्रीय राजमार्ग यात्रा को अधिक सुरक्षित, स्मार्ट और सुविधाजनक बनाने के लिए डिज़ाइन की गई डिजिटल सेवाओं की विस्तृत श्रृंखला का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। उन्नत डिजिटल प्रौद्योगिकियों का लाभ उठाकर, राजमार्गयात्रा ऐप राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क पर समग्र यात्रा अनुभव को बढ़ाते हुए पारदर्शी, कुशल और नागरिक-केंद्रित सेवाएं प्रदान करने की एनएचएआई की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।

 

More From Author

मुख्यमंत्री ने प्रदान की विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए ₹ 51 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति

सत्संग व्यक्ति के जीवन को सार्थक बनाता है : स्वामी विज्ञानानंद सरस्वती

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.