ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित

  • सभी लक्ष्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए: मुख्य विकास अधिकारी

रुद्रपुर/उधम सिंह नगर। जनपद उधम सिंह नगर स्थित विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी की अध्यक्षता में ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना की द्वितीय तिमाही की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने परियोजना के विभिन्न घटकों की प्रगति का अवलोकन करते हुए जिला परियोजना प्रबंधक एवं जनपद स्तरीय ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी लक्ष्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गतिविधि की नियमित समीक्षा एवं सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, जिससे परियोजना का लाभ लक्षित ग्रामीण परिवारों तक प्रभावी रूप से पहुँच सके।

समीक्षा के दौरान सामुदायिक आधारित संगठनों (CBOs) के सुदृढ़ीकरण, संस्थागत विकास, उद्यमिता संवर्धन, आजीविका गतिविधियों तथा परियोजना के आउटकम संकेतकों की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें तथा क्षेत्रीय भ्रमण कर नियमित फॉलो-अप करें।

उन्होंने परियोजना से जुड़े सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन एवं परियोजना मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन किया जाए तथा प्रत्येक गतिविधि का समयबद्ध एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, परियोजना के अंतर्गत संचालित सभी कार्यक्रमों की प्रगति का नियमित अभिलेखीकरण एवं समय पर रिपोर्टिंग भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में परियोजना निदेशक, डीआरडीए श्री हिमांशु जोशी, जिला परियोजना प्रबंधक श्री शुभंकर झा सहित ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के समस्त सहायक प्रबंधकों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।

More From Author

आईटी पार्क को फ्लैश फ्लड से मिलेगी मुक्ति, बनेगा ‘एकीकृत बाढ़ शमन प्लान’

विधायक डॉ. प्रेमचंद ने कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.